संदेश

मार्च, 2023 की पोस्ट दिखाई जा रही हैं

राजा कृष्ण की होली

  द्वारका में आज है होली महोत्सव,  किंतु राजा कृष्ण का मानस व्यथित है । स्वादिष्ट छप्पनभोग से थाली सजी, हो रहे निर्मित नए पकवान हैं । याद आतीं हैं कन्हैया को यशोदा, दही हांडी और माखन ध्यान है । मां के हाथों का तो भैया हर निवाला, संजीवनी का ग्रास है या के अमित है । द्वारका में आज है होली महोत्सव, किंतु राजा कृष्ण का मानस व्यथित है । स्वर्ण लड़ियों से सजी है राजधानी, रजत हीरक की बनी हैं तारिकाएं। रुक्मिणी है जामवंती सत्यभामा, लक्ष सेवक सहश्रों परिचारिकाएं । एक राधा के बिना सबकुछ अधूरा, वेदना तो प्रेम का व्यापक गणित है द्वारका में आज है होली महोत्सव, किंतु राजा कृष्ण का मानस व्यथित है । मोड़ लो रथ हारकारे ले चलो  तुम मुझे जमुना किनारे ले चलो हो जहां सब ग्वाल बाले गोपियां, जहां से राधा निहारे ले चलो। स्वप्न में आती रहीं गोकुल की गलियां, पहुंच पाना उम्र भर से प्रतीक्षित है । द्वारका में आज है होली महोत्सव, किंतु राजा कृष्ण का मानस व्यथित है ।     - अश्वनी कुमार