संदेश

नवंबर, 2019 की पोस्ट दिखाई जा रही हैं

ग़ज़ल 30.0

चूम के सारे जख्म हमारे हर लेता ,  थोड़ा प्यार हमें भी कोई कर लेता ।     हो जाते कुछ पैसे मेरे पास अगर ,  उसी गली में मैं भी अपना घर लेता ।     बिखरे रह जाते हीरे मोती राहों में ,  पॉकेट अपनी तेरी हंसी से भर लेता ।     उसके आजू बाजू वाले शायर हैं ,  मुझसे मिलती मैं भी कविता कर लेता।   रोज सुबह तेरे जगने से पहले ही ,  एक गुलाब तेरे सिरहाने धर देता।   रात अँधेरी   गहराती तो मैं तुझको , जुगनू जुगनू जोड़ के रोशन कर देता।                    - अश्वनी कुमार

ग़ज़ल 29.0

  इसी लगन , हाथ उसका भी पीला हो जाएगा ,  उसका अपना घर ही अब मायका हो जाएगा ,  सुना है जुटा लिए गए है दहेज के पैसे भी ,  बस एक शुभ घड़ी देखकर सौदा हो जाएगा   ; माँ कभी कभी देर तक उसे निहार लेती है ,  उसके जाने के बाद तो घर सूना हो जाएगा ;  आजकल चरम पर हैं उसपर लगी पाबंदियां ,  कुछ ऊंच नीच हो गया तो धोखा हो जाएगा ;  वो ख़ुश है , दुखी भी है , और डरी डरी सी है ,  कुछ भी बिगड़ा तो खानदान रुस्वा हो जाएगा ; उसका जो भी हो अब सब अच्छा ही होगा ,  अपना ही अब उम्र भर का रोना हो जाएगा ; उसे पता भी नहीं चलेगा और दूर कहीं ,  उसको चाहने वाला कोई तनहा हो जाएगा ;        - अश्वनी कुमार    

ग़ज़ल 28.0

अब चाभी रखी होगी फिर भी तोड़े ताले जाएंगे ,  इन भोले भाले शब्दों के सौ अर्थ निकाले जाएंगे ।   जख्म जिन्हें नासूर बने , उनके हिस्से में दर्द रखे ,  जिनको गिरने का शौक रहे वो लोग संभाले जाएंगे ।   एक रात सोये रहकर है सीखा राम को खो देना ,  जब कान्हा यमुना छोड़ेगा , तब सारे ग्वाले जाएंगे ।   हिंदुत्व की नदी ये अक्सर चुनावों में बढियाती है ,  न इ या वाले रुके रहें, बस ग इ या वाले जाएंगे ।   कोई जाल बिछाए होगा दाने किसको भारी हैं ,  उड़ जाना तुम रोज कबूतर जब दाने डाले जाएंगे ।   दर्द करेंगे छाले लेकिन राही तुम चलते रहना ,  चलने से छाले आए हैं चलने से छाले जाएंगे ।                                   - अश्वनी कुमार