शुभ दीपावली

शुभ दीपावली 
.
यह हृदय मेरा दीपक है,
जो पल प्रतिपल जलता है ।
और आँखों से अश्रु तेल ,
हर पल ही अब ढलता है ।
. 
मेरे ह्रदय दीप की अँधेरे में -
रहने की अदा निराली है ।
अपनी तो रोज दीवाली है।।
.
सब लोग खोलते दरवाजे ,
कि महालक्ष्मी तुम आ जाओ ।
मैं नयन द्वार ले फिरता हूँ ,
कि कभी तो दरस दिखा जाओ ।
.
अमावस्या है विश्व के लिए -
और मेरी रात भी काली है ।
अपनी तो रोज दीवाली है ।।
.
प्रतीक्षा जैसे लड्डू है ,
और प्रसाद , प्रवंचना है ।
तुम इष्टदेव बन बैठी हो ,
मुझे नाम-मन्त्र अब जपना है ।
.
यह लो पूजा संपन्न हुई -
प्रसाद भरी जीवन थाली है ।
अपनी तो रोज दीवाली है ।।
.
कुछ नि:शब्द पटाखों सी ,
मेरी अभिलाषा भी जलती है ।
यह बाल-जगत है खुश होता ,
विषवायु सी श्वाश निकलती है ।
.
और अंत में यह कविता - 
क्षण भर की सुन्दर लाली है ।
अपनी तो रोज दीवाली है ।।
.
. -
अश्वनी कुमार
                                                         
                                                             

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रतिज्ञा गान

राजा कृष्ण की होली

अश्लीलता