ग़ज़ल 3.0


दिल है या के इश्क का शमशान जलता है ,
हर रोज़ यहाँ अब कोई अरमान जलता है ;

जलते हैं हम तुम्हारे ही इश्क़ की आग़ में ,
और हमसे तुम्हारा सारा खानदान जलता है ;

जल के बनता है दीया सिर्फ़ जलने के लिए ,
ताउम्र, अँधेरे कमरे में सुनसान जलता है ;

दूर का ही सही वो कोई अपना रहा होगा ,
किसी के लिए क्या कोई अनजान जलता है ;

ऐसी नजदीकियों से तो दूरियाँ ही अच्छीं है ,
तालाब के पास है फिर भी मकान जलता है ;

आप तो बस अपनी फुलझड़ियाँ जलाओ,
जले,जो किसी का खेत खलिहान जलता है ;

आग लगी जंगल के सब दरख़्त जल गए ,
अब तो उनके जलने का निशान जलता है ;

आफ़ताब के आने से तो कयामत होगी ,
अभी चाँद की गर्मी से आसमान जलता है ;

लाख और कपास ओढ़ रक्खी थी हमने ,
वरना यूँ ही नहीं कोई बेनिशान जलता है  ;

                                    - अश्वनी कुमार


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रतिज्ञा गान

राजा कृष्ण की होली

अश्लीलता