ग़ज़ल 7.0
किसे इल्ज़ाम दूँ मैं इस हलचल के लिए ,
ये ज़ख्म ताज़ा हुआ है गुलाबजल के लिए ;
के हम अपना घर मिट्टी से ही बना लेंगें,
वो संगमरमर है शायद ताज़महल के लिए ;
अब कहानियों की हमको आरजू न रही,
एक हर्फ़ रख दो चूमकर मेरी ग़ज़ल के लिए ;
आज भी मैं जी भर के रो नहीं पाया,
कुछ आंसू बचा के रखने थे मुझे कल के लिए ;
यारों इश्क़ में सावधानी भी जरूरी थी ,
ज़ाम साक़ी से हम भी बहुत संभल के लिए ;
किसको अपना कहें हम, किसको पराया,
सुई से धागा लड़ गया कल मखमल के लिए ;
इस बार का गेहूँ बहुत अच्छा हुआ है,
इसके बीज रख लो अगली फसल के लिए;
सिर्फ मगरमच्छों का ही हक़ नहीं है इसपर,
मछलियाँ क्यों न लड़ें गंगा-जल के लिए ;
वसीयत में अपनी भले ही कुछ न रखो,
ये हवा साफ़ रखना अगली नसल के लिए ;
जब भी बोलो तुम्हारी आवाज़ में बुलंदी हो ,
बहुत ज़रूरी है ये शर्त नई पहल के लिए ;
आओ हम अपना वतन कुछ यूँ सजा दें ,
कहीं कीचड़ भी हो तो बस कमल के लिए ;
- अश्वनी कुमार
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें