प्रेयसि ! स्वीकार करो वंदन




धवल कमल ,
तव मुख निर्मल,
स्वर सरस और -
मुस्कान सरल,

स्वागत करते मम् अश्रु-पुष्प ,
कविता हो जाती है चंदन ।
प्रेयसि ! स्वीकार करो वंदन ।।


सस्वर निःस्वर,
यह हृदय सिहर ,
भटका छिटका -
ले प्रेम अमर ;

निज नयन नीर से कर  बैठा,
सस्मित चेहरे का अभिनन्दन ।
प्रेयसि ! स्वीकार करो वंदन ।।


उषा निशा ,
हर दिशा दिशा ,
पगली सी फिरती -
है जिजीविषा ,

प्रतिपल स्मृतियों से होता,
मानस - वीणा  में  स्पंदन ।
प्रेयसि! स्वीकार करो वंदन ।।


मधुवन उपवन,
ये मेरे नयन,
हैं तुम्हें ढूंढते -
आजीवन ;

किन्तु न तुमको पाते हैं तो ,
करने   लगते    है    क्रंदन ।
प्रेयसि ! स्वीकार करो वंदन ।।

                              - अश्वनी कुमार


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रतिज्ञा गान

राजा कृष्ण की होली

अश्लीलता