मौत के बाद
१
शाम हुई तो छटपटाये ,
छटपटाये रात भर,
समझ नहीं पाये मगर ,
के इश्क़ था के बुखार था...
सुबह फैली ये खबर,
के मरनेवाला कुमार था ..
मुँह से कुछ भी कह न पाया,
उम्र भर बस छटपटाया ,
क्या हुआ था खुदा जाने,
के प्यार था के बीमार था..
मगर तुम जो मैयत पे आना,
बूँद आँसू मत बहाना,
कहना सबसे सर उठा कर ,
मेरा आशिक़ था मेरा यार था ;
मुझको बेचारा न कहना,
कहना इसको प्यार था ..
२
उड़ गया सुर्खाब रूह का , मैयत का सन्नाटा है ।
दुनिया ने तो मेरा सबकुछ , आपस में ही बाँटा है।
मगर इश्क ना लिया किसी ने , अब भी है मेरी आँखों में ।
डर है के ये ज़ल ना जायें , मेरी ही चिता की आँचों में ।
एक बार तो देख ना आकर , आँखें तुझे बुलाती हैं ।
अब तो रो भी नहीं सकेंगीं , चुपचाप सो जातीं हैं ।।
३
फौलाद से वक्त के दो टुकड़े,
एक वक्त तुम्हारे साथ का,
दूसरा तुम्हारे बिना गुजरे हालात का,
कल मैनें दोनो मिलाकर सिल दिया,
अब यही मेरा कफ़न है ।
मुझमें एहसास है, खुदा का, तेरे
बहाने से,
अब बताओ, मैं दफ़न हूँ?
या ये सारी दुनिया दफ़न है ?
- अश्वनी कुमार
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें