आ गई फिर से जुलाई
आ गई फिर से जुलाई ।
बाबू की होती विदाई ।
आ गई फिर से जुलाई ।।
आ गई फिर से जुलाई ।।
रख दिये माँ ने सजाकर,
बैग में कपड़े जुराबें ।
ढूँढ़ कर रखीं क़िताबे,
और रखे पकवान ताजे ।।
एक तरफ अचार है और,
एक तरफ पूडी मिठाई ।
आ गई फिर से जुलाई ।।
लग रहा है कल ही आये,
हो गये पर दो महीने ।
आँसू हैं रोके या के पानी,
रोक रखे हैं नदी ने
।।
समझा रहे चाचा के हरदम,
मन लगा करना पढ़ाई ।
आ गई फिर से जुलाई ।।
आज जाने की घड़ी में,
उतरा चेहरा है हमारा ।
छोड़ घर बचपन में ही अब,
जा रहा माँ का दुलारा ।
मम्मी हैं रोती मुंह छुपाए,
बहनें कहें जाओ,
ना भाई ।
आ गई फिर से जुलाई ।।
गाँव के सब संगी साथी,
विदाई देने आ गए हैं ।
बैग,बक्से और बोरे,
घर के बाहर ला रहे हैं ।।
याद आएगी तुम्हारी,
मोनू ,राहुल, शहबाज़ भाई ।
आ गई फिर से जुलाई ।।
घर से निकले तो नयन के,
कोरों पे आँसू आ गए थे ।
कमल के से खिले चेहरे,
आज फिर मुरझा गए थे ।
लेकिन ले आँसू आँख मेरी,
तुझे याद करके मुस्कुराई ।
आ गई फिर से जुलाई ।।
- अश्वनी कुमार
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें