मजदूर चाँद
आसमान की छत पर,
तारों की
मच्छरदानी लगाए,
रात भर बड़े
आराम से सोया चाँद । ..
... और भोर होते ही,
वहीं आकाशगंगा
में
हाथ मुँह धोकर,
निकल गया,
काम पर ।
यह क्या !
आज फिर लग गया,
कारखाने की
मशीनों से कोई दाग,
उसके सफ़ेद
कपड़े पर,
और इसीलिए
आज फिर
नाराज हो गई है
धरती,
मगर मुस्कुराया
चाँद,
और अचानक उसने
निकाल दी,
अपनी पॉकेट से
ढेर सारी चाँदनी,
खनकती चमकती
चाँदनी,
और रख दी धरती
के हाथ में,
( ये लो आज की मजदूरी ।),
अब धरती
मुस्कुराई,
और रख ली बांध
कर
सारी चाँदनी,
अपने आँचल के
अंतिम छोर पर ।
श् श् श् ...
अब सो रहा है
चाँद,
कल सुबह उसे फिर
जाना है,
काम पर ।
- अश्वनी कुमार
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें