अश्लीलता
सब कुछ तो होता है तुम्हारी सोसाईटी में,
रेलवे स्टेशनों पर भी बिकता ही है नंगा साहित्य,
बड़ा हो या छोटा,
हर शहर में होती ही हैं कई दुकानें,
जहाँ मिल जाता है,
बस दस रुपये में एक पूरी पेन ड्राइव भर पॉर्न,
और तो और आश्रम तक में हो जाते हैं,
बालात्कार ।
मगर बैन होता है तो सिर्फ,
किसी कॉनडम का कोई एड,
या तस्लीमा नसरीन की पुस्तकें ।
अपने बच्चों को तुम कुछ बताओगे नहीं,
(सिवाय संस्कार के )
और उन्हें बात भी नहीं करने दोगे,
ऐसे बच्चों से जो कुछ जानते हैं,
क्योंकि वो तो बुरे होते हैं ! (तुम्हारी नजर में)
और उनकी संगति में खतरा है,
तुम्हारे अच्छे बच्चे के बिगड़ जाने का ।
इस के बाद भी,
अगर उसे मिल जाता है, कहीं से,
ज़रा सा प्यार,
थोड़ा सा ज्ञान ,
तो बीच में आ जाते हैं,
तुम्हारे ये जातिवादी और धार्मिक ढकोसले,
डिफरेंस ऑफ स्टेटस,
या फिर संस्कृति का झंडा उठाए,
कोई एंटी रोमियो स्क्वाड ।
कभी कभी तो मुझे लगता है,
तुमने जानबूझ कर बना रखीं हैं,
ऐसी व्यवस्थायें,
ताकी तुम कर सको,
उनका शारीरिक यौन शोषण ।
मैं बताता हूँ,
तुम्हारे इन अच्छे बच्चों का भविष्य,
इनमें से कई तो मर जाएंगें,
तुम्हारी आँखों के सामने ही,
हीनता, आत्मग्लानि और डर से,
बस काँप काँप कर,
आहिस्ता आहिस्ता,
और जो बच जाएंगे,
वो बन जाएंगे,
खूबसूरत जीभ वाले गूँगे,
या फिर, इनकेपेबल ।
अभी कुछ दिनों पहले ही,
कोई धरना दे रहा था,
हाथ में लिए एक बैनर ,
जिसपर लिखा था,
' इंडिया नीड सेक्स एजुकेशन '।
यह देखते ही दौड़ कर आ गया ,
संस्कृति का कोई महान प्रहरी,
और बोला,
'छि:, कितने अश्लील हो तुम' ।
- अश्वनी कुमार
Wow Ashwini... Well done👍
जवाब देंहटाएंThankyou 🙂
जवाब देंहटाएं