नववर्ष तुम्हारा हो महान !
नववर्ष तुम्हारा हो महान ।
कर्तव्य पूर्ण हो पूर्ण प्रतिज्ञा, हृदय करे ये आह्वान ।
नववर्ष तुम्हारा हो महान ।।
लिए मशालें मिटा अंधेरा,
उगा दे सूरज बना सवेरा ।
तेरे पदचापों से आए, संघर्षों का अमरगान ।
नववर्ष तुम्हारा हो महान ।।
तूफानों से आँख मिचौली,
अवसादों से खेले होली ।
तेरे यश के आवर्धन को पड़ जाए छोटा आसमान ।
नववर्ष तुम्हारा हो महान ।।
निर्णय में होंगी विकृतियां,
भटकाने आएंगी स्मृतियां ।
पीछे मत मुड़ना धावक विजय ध्वजा पर रहे ध्यान ।
नववर्ष तुम्हारा हो महान ।।
श्रम स्वेद शुभे मस्तक साथी,
हो सिंह तेरा द्योतक साथी ।
धनुष उठाकर चढ़ा प्रत्यंचा कर दे वसुधा कंपायमान ।
नववर्ष तुम्हारा हो महान ।।
- अश्वनी कुमार
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें