संदेश

ग़ज़ल 30.0

चूम के सारे जख्म हमारे हर लेता ,  थोड़ा प्यार हमें भी कोई कर लेता ।     हो जाते कुछ पैसे मेरे पास अगर ,  उसी गली में मैं भी अपना घर लेता ।     बिखरे रह जाते हीरे मोती राहों में ,  पॉकेट अपनी तेरी हंसी से भर लेता ।     उसके आजू बाजू वाले शायर हैं ,  मुझसे मिलती मैं भी कविता कर लेता।   रोज सुबह तेरे जगने से पहले ही ,  एक गुलाब तेरे सिरहाने धर देता।   रात अँधेरी   गहराती तो मैं तुझको , जुगनू जुगनू जोड़ के रोशन कर देता।                    - अश्वनी कुमार

ग़ज़ल 29.0

  इसी लगन , हाथ उसका भी पीला हो जाएगा ,  उसका अपना घर ही अब मायका हो जाएगा ,  सुना है जुटा लिए गए है दहेज के पैसे भी ,  बस एक शुभ घड़ी देखकर सौदा हो जाएगा   ; माँ कभी कभी देर तक उसे निहार लेती है ,  उसके जाने के बाद तो घर सूना हो जाएगा ;  आजकल चरम पर हैं उसपर लगी पाबंदियां ,  कुछ ऊंच नीच हो गया तो धोखा हो जाएगा ;  वो ख़ुश है , दुखी भी है , और डरी डरी सी है ,  कुछ भी बिगड़ा तो खानदान रुस्वा हो जाएगा ; उसका जो भी हो अब सब अच्छा ही होगा ,  अपना ही अब उम्र भर का रोना हो जाएगा ; उसे पता भी नहीं चलेगा और दूर कहीं ,  उसको चाहने वाला कोई तनहा हो जाएगा ;        - अश्वनी कुमार    

ग़ज़ल 28.0

अब चाभी रखी होगी फिर भी तोड़े ताले जाएंगे ,  इन भोले भाले शब्दों के सौ अर्थ निकाले जाएंगे ।   जख्म जिन्हें नासूर बने , उनके हिस्से में दर्द रखे ,  जिनको गिरने का शौक रहे वो लोग संभाले जाएंगे ।   एक रात सोये रहकर है सीखा राम को खो देना ,  जब कान्हा यमुना छोड़ेगा , तब सारे ग्वाले जाएंगे ।   हिंदुत्व की नदी ये अक्सर चुनावों में बढियाती है ,  न इ या वाले रुके रहें, बस ग इ या वाले जाएंगे ।   कोई जाल बिछाए होगा दाने किसको भारी हैं ,  उड़ जाना तुम रोज कबूतर जब दाने डाले जाएंगे ।   दर्द करेंगे छाले लेकिन राही तुम चलते रहना ,  चलने से छाले आए हैं चलने से छाले जाएंगे ।                                   - अश्वनी कुमार

पूछ लो

तिश्नगी जमीं की है तो तुम ज़मीं से पूछ लो , बादलों से कुछ न पूछो बस नमी से पूछ लो ; कब तलक फिरते रहोगे यूँ मेरी तलाश में , हम कहाँ छुपने लगे हैं बस हमीं से पूछ लो ; शबनमी सी चाहतें हैं गुलनशीं से पूछ लो  , मयकदे की ख़्वाहिशें सब मयकशी से पूछ लो ; चंद लफ्जों ने लिखी हैं ताउमर तन्हाइयाँ , हमसे न पूछो कुछ हमारी जानशीं से पूछ लो ; दिल पे रख के हाथ उससे यकीं से पूछ लो , प्यार से जो ना बताए बेरुखी से पूछ लो ; दिल लुटाओ उससे पहले जान लेना हाल ए दिल  , पूछ जो ना पाओ उससे , उसकी सखी से पूछ लो ; चाँद गुमसुम क्यों है ये अब चाँदनी से पूछ लो , दिन की सब बेचैनियाँ एक रोशनी से पूछ लो ; है ख़बर किसको यहाँ , सवाल की जवाब की ,  कुछ रागिनी से पूछ लो कुछ मोरनी से पूछ लो ;                             - अश्वनी कुमार

ग़ज़ल 27.0

रास्ते पे पानी , दीवार ओ दर तक पानी ,  आ गया है अब मेरे शहर तक पानी ।   मैं प्यासा कैद हूँ जिस घर में तनहा ,  चला आता है अब उसी घर तक पानी ।   सब डूबे हुए हैं फर्क ज्यादा कम का है , किसी के सर तक पानी, किसी की क़मर तक पानी ।   हवाएँ वही हैं हवाओं के नाम बदले हैं ,  लोग बाढ़ कहें निजाम कहे क़मर तक पानी ।   डूबते घर में ही डूब जाती हैं उम्मीदें ,  चला आता है अब हमारी नज़र तक पानी ।               - अश्वनी कुमार

समाधान

तुम्हारा समाधान यही था ,  कि तुम्हें समाधान ढूँढना ही नहीं था ।   तुम्हें ढूँढना था एक कबूतर ,  जिसके घायल पंखों को तुम पानी से धोकर मरहम लगाते ,  और उसके स्वस्थ हो जाने के बाद उसे उड़ा देते नीले आसमान में ।   या फिर तुम्हें पकड़ लेना था ,  किसी महान उकाब का पैर ,  ( बहादुर सिंदबाद की तरह । )   जो तुम्हें पहले सारी दुनियाँ घुमाता ,  और आख़िर में छोड़ आता हीरों की घाटी तक ।   ( हाँलाकि पैर पकडे पकडे बहुत थक जाते तुम । ) लेकिन तुमने चुना ,  एक हास्यास्पद संघर्ष ,  और   बाकायदा निर्माण किया ,  अपनी समस्याओं का ।   मुझे समझ में नहीं आता ,  तुम्हें क्यों चाहिए था ईश्वर ?  ( बावजूद इसके के तुम्हें उससे प्रेम तो होने से रहा । )   सिर्फ कुछ माँगने के लिए ?   है ना ??  जैसे कि मोक्ष अथवा स्वर्ग ।   या यह मात्र एक उत्सुकता थी , अपने सर्जक से मिलने की ,  या फिर एक अंधी दौड़ का अनुसरण करने की तुम्हारी मजबूरी ।   सच कहू...

ग़ज़ल 26.0

सुबह सुबह उठ के रात मैके चली गयी ,  शाम को फिर आऊँगी कह के चली गयी । तुमने रश्क़ में आकर के पतवार हटा दी , तो नाव नदी में ख़ुद से बह के चली गयी   । ये सुना तो मैं भी अपनी प्यास से डरने लगा , के इक इमारत दरिया में ढह के चली गयी ।    तुम क्या ठहरे घोसले में रात भर मेरे , रात मुझमें एक चिड़िया चहके चली गयी। जब से उड़ा परिंदा   उस   गुल के करीब से , जिस्म   महका रुह भी महके चली गयी । हवा ने जलता देखा तो बुझाने चली आई , जिंदगी कोई आग थी दहके चली गई   ।                                - अश्वनी कुमार