संदेश

गज़ल 32.0

सुबह सुबह पूरब में नूर बहाया है, उसने पानी में सिंदूर बहाया है।  बेवाओं को सिंगारों से काम नहीं,  कंगन करके चकनाचूर बहाया है।  उजले चेहरे पे दो आँखें हैं जैसे,  दूध के दरिया में अंगूर बहाया है।  यूँ ही काजल नहीं फैलता गालों तक,  सोनपरी ने अश्क़ ज़रुर बहाया है।  लहरों के स्वागत में रेत का घर जोड़ा,  लहरों ने उसे काफी दूर बहाया है।  कहा था उसने कोई चिट्ठी मत लिखना,  गुलाब एक होके मजबूर बहाया है।             - अश्वनी कुमार

ग़ज़ल 31.0

कभी बदचलन तो कभी बेवफ़ा बनाती है,  देखिये ये दुनियां हमें क्या क्या बनाती है।  शक्कर खरीदते हुए दिखी आज शायद,  सर्दी के मौसम में वो कुछ मीठा बनाती है।  हम पंछीयों को कभी पिंजरे में नहीं रखते,  चिड़िया आके मेरे घर में घोसला बनाती है,  जब तुम्हारे तर्कों से दुनियाँ हार जाती है,  एक कहानी गढ़ के उसका हौव्वा बनाती है।  कान्हा की मूर्ति संग गुड़िया रख बहन मेरी,  कभी मीरा बनाती है कभी राधा बनाती है।   कभी घर जायें उसके तो शब ए बरसात में जाएं, सुना है पकौड़ियां वो बड़ा अच्छा बनाती है।  मैं अक्सर ही किचन में जाकर बैठ जाता हूँ,  मेरी माँ जब भी अकेले ही खाना बनाती है।  मंडरा के तेरे पास से जब मेरी रूह आती है,  फिर रात भर रोती है, इक मतला बनाती है।  जब आवाम के हिस्से में रह जाती हैं क़तरनें,  क़तरनें जोड़ के वो इंकलाब का झंडा बनाती है।                     ...

ग़ज़ल 30.0

चूम के सारे जख्म हमारे हर लेता ,  थोड़ा प्यार हमें भी कोई कर लेता ।     हो जाते कुछ पैसे मेरे पास अगर ,  उसी गली में मैं भी अपना घर लेता ।     बिखरे रह जाते हीरे मोती राहों में ,  पॉकेट अपनी तेरी हंसी से भर लेता ।     उसके आजू बाजू वाले शायर हैं ,  मुझसे मिलती मैं भी कविता कर लेता।   रोज सुबह तेरे जगने से पहले ही ,  एक गुलाब तेरे सिरहाने धर देता।   रात अँधेरी   गहराती तो मैं तुझको , जुगनू जुगनू जोड़ के रोशन कर देता।                    - अश्वनी कुमार

ग़ज़ल 29.0

  इसी लगन , हाथ उसका भी पीला हो जाएगा ,  उसका अपना घर ही अब मायका हो जाएगा ,  सुना है जुटा लिए गए है दहेज के पैसे भी ,  बस एक शुभ घड़ी देखकर सौदा हो जाएगा   ; माँ कभी कभी देर तक उसे निहार लेती है ,  उसके जाने के बाद तो घर सूना हो जाएगा ;  आजकल चरम पर हैं उसपर लगी पाबंदियां ,  कुछ ऊंच नीच हो गया तो धोखा हो जाएगा ;  वो ख़ुश है , दुखी भी है , और डरी डरी सी है ,  कुछ भी बिगड़ा तो खानदान रुस्वा हो जाएगा ; उसका जो भी हो अब सब अच्छा ही होगा ,  अपना ही अब उम्र भर का रोना हो जाएगा ; उसे पता भी नहीं चलेगा और दूर कहीं ,  उसको चाहने वाला कोई तनहा हो जाएगा ;        - अश्वनी कुमार    

ग़ज़ल 28.0

अब चाभी रखी होगी फिर भी तोड़े ताले जाएंगे ,  इन भोले भाले शब्दों के सौ अर्थ निकाले जाएंगे ।   जख्म जिन्हें नासूर बने , उनके हिस्से में दर्द रखे ,  जिनको गिरने का शौक रहे वो लोग संभाले जाएंगे ।   एक रात सोये रहकर है सीखा राम को खो देना ,  जब कान्हा यमुना छोड़ेगा , तब सारे ग्वाले जाएंगे ।   हिंदुत्व की नदी ये अक्सर चुनावों में बढियाती है ,  न इ या वाले रुके रहें, बस ग इ या वाले जाएंगे ।   कोई जाल बिछाए होगा दाने किसको भारी हैं ,  उड़ जाना तुम रोज कबूतर जब दाने डाले जाएंगे ।   दर्द करेंगे छाले लेकिन राही तुम चलते रहना ,  चलने से छाले आए हैं चलने से छाले जाएंगे ।                                   - अश्वनी कुमार

पूछ लो

तिश्नगी जमीं की है तो तुम ज़मीं से पूछ लो , बादलों से कुछ न पूछो बस नमी से पूछ लो ; कब तलक फिरते रहोगे यूँ मेरी तलाश में , हम कहाँ छुपने लगे हैं बस हमीं से पूछ लो ; शबनमी सी चाहतें हैं गुलनशीं से पूछ लो  , मयकदे की ख़्वाहिशें सब मयकशी से पूछ लो ; चंद लफ्जों ने लिखी हैं ताउमर तन्हाइयाँ , हमसे न पूछो कुछ हमारी जानशीं से पूछ लो ; दिल पे रख के हाथ उससे यकीं से पूछ लो , प्यार से जो ना बताए बेरुखी से पूछ लो ; दिल लुटाओ उससे पहले जान लेना हाल ए दिल  , पूछ जो ना पाओ उससे , उसकी सखी से पूछ लो ; चाँद गुमसुम क्यों है ये अब चाँदनी से पूछ लो , दिन की सब बेचैनियाँ एक रोशनी से पूछ लो ; है ख़बर किसको यहाँ , सवाल की जवाब की ,  कुछ रागिनी से पूछ लो कुछ मोरनी से पूछ लो ;                             - अश्वनी कुमार

ग़ज़ल 27.0

रास्ते पे पानी , दीवार ओ दर तक पानी ,  आ गया है अब मेरे शहर तक पानी ।   मैं प्यासा कैद हूँ जिस घर में तनहा ,  चला आता है अब उसी घर तक पानी ।   सब डूबे हुए हैं फर्क ज्यादा कम का है , किसी के सर तक पानी, किसी की क़मर तक पानी ।   हवाएँ वही हैं हवाओं के नाम बदले हैं ,  लोग बाढ़ कहें निजाम कहे क़मर तक पानी ।   डूबते घर में ही डूब जाती हैं उम्मीदें ,  चला आता है अब हमारी नज़र तक पानी ।               - अश्वनी कुमार