नववर्ष तुम्हारा हो महान !
नववर्ष तुम्हारा हो महान । कर्तव्य पूर्ण हो पूर्ण प्रतिज्ञा , हृदय करे ये आह्वान । नववर्ष तुम्हारा हो महान ।। लिए मशालें मिटा अंधेरा , उगा दे सूरज बना सवेरा । तेरे पदचापों से आए , संघर्षों का अमरगान । नववर्ष तुम्हारा हो महान ।। तूफानों से आँख मिचौली , अवसादों से खेले होली । तेरे यश के आवर्धन को पड़ जाए छोटा आसमान । नववर्ष तुम्हारा हो महान ।। निर्णय में होंगी विकृतियां , भटकाने आएंगी स्मृतियां । पीछे मत मुड़ना धावक विजय ध्वजा पर रहे ध्यान । नववर्ष तुम्हारा हो महान ।। श्रम स्वेद शुभे मस्तक साथी , हो सिंह तेरा द्योतक साथी । धनुष उठाकर चढ़ा प्रत्यंचा कर दे वसुधा कंपायमान । नववर्ष तुम्हारा हो महान ।। - अश्वनी कुमार ReplyForward