संदेश

राजा कृष्ण की होली

  द्वारका में आज है होली महोत्सव,  किंतु राजा कृष्ण का मानस व्यथित है । स्वादिष्ट छप्पनभोग से थाली सजी, हो रहे निर्मित नए पकवान हैं । याद आतीं हैं कन्हैया को यशोदा, दही हांडी और माखन ध्यान है । मां के हाथों का तो भैया हर निवाला, संजीवनी का ग्रास है या के अमित है । द्वारका में आज है होली महोत्सव, किंतु राजा कृष्ण का मानस व्यथित है । स्वर्ण लड़ियों से सजी है राजधानी, रजत हीरक की बनी हैं तारिकाएं। रुक्मिणी है जामवंती सत्यभामा, लक्ष सेवक सहश्रों परिचारिकाएं । एक राधा के बिना सबकुछ अधूरा, वेदना तो प्रेम का व्यापक गणित है द्वारका में आज है होली महोत्सव, किंतु राजा कृष्ण का मानस व्यथित है । मोड़ लो रथ हारकारे ले चलो  तुम मुझे जमुना किनारे ले चलो हो जहां सब ग्वाल बाले गोपियां, जहां से राधा निहारे ले चलो। स्वप्न में आती रहीं गोकुल की गलियां, पहुंच पाना उम्र भर से प्रतीक्षित है । द्वारका में आज है होली महोत्सव, किंतु राजा कृष्ण का मानस व्यथित है ।     - अश्वनी कुमार 

नववर्ष तुम्हारा हो महान !

चित्र
  नववर्ष तुम्हारा हो महान । कर्तव्य पूर्ण हो पूर्ण प्रतिज्ञा , हृदय करे ये आह्वान । नववर्ष तुम्हारा हो महान ।। लिए मशालें मिटा अंधेरा , उगा दे सूरज बना सवेरा । तेरे पदचापों से आए , संघर्षों का अमरगान । नववर्ष तुम्हारा हो महान ।। तूफानों से आँख मिचौली , अवसादों से खेले होली । तेरे यश के आवर्धन को पड़ जाए छोटा आसमान । नववर्ष तुम्हारा हो महान ।। निर्णय में होंगी विकृतियां , भटकाने आएंगी स्मृतियां । पीछे मत मुड़ना धावक विजय ध्वजा पर रहे ध्यान । नववर्ष तुम्हारा हो महान ।। श्रम स्वेद शुभे मस्तक साथी , हो सिंह तेरा द्योतक साथी । धनुष उठाकर चढ़ा प्रत्यंचा कर दे वसुधा कंपायमान । नववर्ष तुम्हारा हो महान ।।        - अश्वनी कुमार ReplyForward

प्रतिज्ञा गान

मैं नियति की ओर देखूँगा भृकुटि को तानकर ,  विजित कर लूँगा हिमालय , लघु शिलायें मानकर।   संग्राम ही विश्राम शैया , युध्दभेरी कंठ स्वर है ।                                 संघर्ष ही मेरी डगर है ।।   मैं मृत्युंजय का उपासक , महाशिव का ध्यान धरता ,  मैं महासंजीवनी का शक्ति से आह्वान करता ।   काल से शाश्वत लड़ूंगा , आत्मा मेरी अमर है ।                                 संघर्ष ही मेरी डगर है ।।   कर प्रतिज्ञा तू लड़ेगा , यद्यपि शोणित बहेगा ,  कर्तव्य ज्योतिर्लिंग तेरे , ललाट पे शोभित रहेगा।   सूर्य - प्रतीक्षित न सोना , रात्रि का अंतिम प्रहर है।                                     संघर्ष ही तेरी डगर है ।।                    ...

इरफान खान की स्मृति में

लंचबॉक्स' ले 'न्यूयॉर्क' तक जो 'पान सिंह तोमर' चले थे वो तुम थे जो 'जुरासिक वर्ल्ड' तक 'कारवाँ' लेकर चले थे तुम्हारे दौर में ही कोई 'स्लमडॉग, मिलिनेयर'  हुआ था, । हुआ था 'मकबूल' कोई, तो कोई 'हैदर' हुआ था  ।       - अश्वनी कुमार 'life of pie' comes to the end, 🙏🙏

ग़ज़ल 33.0

जो कहता था प्याज़ डाल के बढिया रोगनजोश बना , एक जनम वो रहा शिकारी एक जनम खरगोश बना। क़त्ल से पहले चाकू को भी सलामती का वादा था ,  अब अंगार को हुक्म हुआ है , चाकू को ख़ामोश बना । बहुत बड़े लोगों को देखा , ताउम्र क़ैद में रहते हैं ,  बना न मुझको सीप का मोती मुझको बूँदे ओस बना ।   मुझे ख़बर है दिये बुझ गये चारो ओर अंधेरा है ,  मोमबत्तियाँ जला रहा हूँ तख्ती पे फिरदौस बना ।   ठुकराया चौबिस चौखट का , सात सदी का प्यासा था, उसे पिला कर तू तर जाता साक़ी तू अफ़सोस मना।                                  एक इश्क़ ने कहर मचाया , दूजे की तैयारी है !   वही गलतियाँ दोहराएगा , ' अश्वनीकुमार ' तू होश में आ।                           - अश्वनी कुमार                          फिरदौस -->   ...

अश्लीलता

सब कुछ तो होता है तुम्हारी सोसाईटी में ,  रेलवे स्टेशनों पर भी बिकता ही है नंगा साहित्य ,  बड़ा हो या छोटा ,  हर शहर में होती ही हैं कई दुकानें ,  जहाँ मिल जाता है ,  बस दस रुपये में एक पूरी पेन ड्राइव भर पॉर्न ,  और तो और आश्रम तक में हो जाते हैं ,  बालात्कार ।   मगर बैन होता है तो सिर्फ ,  किसी कॉनडम का कोई एड ,  या तस्लीमा नसरीन की पुस्तकें   ।   अपने बच्चों को तुम कुछ बताओगे नहीं ,  ( सिवाय संस्कार के )   और उन्हें बात भी नहीं करने दोगे ,  ऐसे बच्चों से जो कुछ जानते हैं ,  क्योंकि वो तो बुरे होते हैं ! (तुम्हारी नजर में)   और उनकी संगति में खतरा है ,  तुम्हारे अच्छे बच्चे के बिगड़ जाने का   ।   इस के बाद भी ,  अगर उसे मिल जाता है ,  कहीं से ,  ज़रा सा प्यार ,  थोड़ा सा ज्ञान  ,  तो बीच में आ जाते हैं ,  तुम्हारे ये जातिवादी और धार्मिक ढकोसले ,  डिफरेंस ऑफ स्टेटस ,  या फिर संस्कृत...

लोकतंत्र

अगर मिर्च को उसके कड़वा होने की वजह से काट दिया गया ,  तो बताइये कि सेब को क्यों काटा गया ?,  वह तो मीठा था!   सच तो ये है कि जिसकी तश्तरी में हमने खुद को परोसा है ,  उसके हाथ में एक चाकू है।   जिसे वह अपनी भूख और ज़रूरत के हिसाब से इस्तेमाल में लाता है।          दरअसल इस देश में लोकतंत्र की लौ जलाई नहीं , सुलगाई जाती रही है ।   जिससे रोशनी नहीं होती ,  सिर्फ धुआँ होता है ।   आप उनसे पूछिए , वो कहेंगे हम इस धुएं से मच्छर भगाएंगे ।   लेकिन असल में भगाई जातीं हैं ,  मधुमक्खियाँ ,  और थोड़ी ही देर में सारा शहद लूट लिया जाता है !   ( वक्त दर वक्त बस मधुमक्खियों के नाम बदल जाते हैं ,  कभी आदिवासी , कभी हिंदू , तो कभी मुसलमान ।)   यहाँ कुछ लोगों को चाहिए आजादी ,  और कुछ लोगों को ईश्वर/अल्लाह , ।   आपको क्या चाहिए ?  सिर्फ लोकतंत्र !!   ( दो जून की रोटी की तरह !)   मुझे तो न्याय चाहिए।         ...

गज़ल 32.0

सुबह सुबह पूरब में नूर बहाया है, उसने पानी में सिंदूर बहाया है।  बेवाओं को सिंगारों से काम नहीं,  कंगन करके चकनाचूर बहाया है।  उजले चेहरे पे दो आँखें हैं जैसे,  दूध के दरिया में अंगूर बहाया है।  यूँ ही काजल नहीं फैलता गालों तक,  सोनपरी ने अश्क़ ज़रुर बहाया है।  लहरों के स्वागत में रेत का घर जोड़ा,  लहरों ने उसे काफी दूर बहाया है।  कहा था उसने कोई चिट्ठी मत लिखना,  गुलाब एक होके मजबूर बहाया है।             - अश्वनी कुमार

ग़ज़ल 31.0

कभी बदचलन तो कभी बेवफ़ा बनाती है,  देखिये ये दुनियां हमें क्या क्या बनाती है।  शक्कर खरीदते हुए दिखी आज शायद,  सर्दी के मौसम में वो कुछ मीठा बनाती है।  हम पंछीयों को कभी पिंजरे में नहीं रखते,  चिड़िया आके मेरे घर में घोसला बनाती है,  जब तुम्हारे तर्कों से दुनियाँ हार जाती है,  एक कहानी गढ़ के उसका हौव्वा बनाती है।  कान्हा की मूर्ति संग गुड़िया रख बहन मेरी,  कभी मीरा बनाती है कभी राधा बनाती है।   कभी घर जायें उसके तो शब ए बरसात में जाएं, सुना है पकौड़ियां वो बड़ा अच्छा बनाती है।  मैं अक्सर ही किचन में जाकर बैठ जाता हूँ,  मेरी माँ जब भी अकेले ही खाना बनाती है।  मंडरा के तेरे पास से जब मेरी रूह आती है,  फिर रात भर रोती है, इक मतला बनाती है।  जब आवाम के हिस्से में रह जाती हैं क़तरनें,  क़तरनें जोड़ के वो इंकलाब का झंडा बनाती है।                     ...

ग़ज़ल 30.0

चूम के सारे जख्म हमारे हर लेता ,  थोड़ा प्यार हमें भी कोई कर लेता ।     हो जाते कुछ पैसे मेरे पास अगर ,  उसी गली में मैं भी अपना घर लेता ।     बिखरे रह जाते हीरे मोती राहों में ,  पॉकेट अपनी तेरी हंसी से भर लेता ।     उसके आजू बाजू वाले शायर हैं ,  मुझसे मिलती मैं भी कविता कर लेता।   रोज सुबह तेरे जगने से पहले ही ,  एक गुलाब तेरे सिरहाने धर देता।   रात अँधेरी   गहराती तो मैं तुझको , जुगनू जुगनू जोड़ के रोशन कर देता।                    - अश्वनी कुमार

ग़ज़ल 29.0

  इसी लगन , हाथ उसका भी पीला हो जाएगा ,  उसका अपना घर ही अब मायका हो जाएगा ,  सुना है जुटा लिए गए है दहेज के पैसे भी ,  बस एक शुभ घड़ी देखकर सौदा हो जाएगा   ; माँ कभी कभी देर तक उसे निहार लेती है ,  उसके जाने के बाद तो घर सूना हो जाएगा ;  आजकल चरम पर हैं उसपर लगी पाबंदियां ,  कुछ ऊंच नीच हो गया तो धोखा हो जाएगा ;  वो ख़ुश है , दुखी भी है , और डरी डरी सी है ,  कुछ भी बिगड़ा तो खानदान रुस्वा हो जाएगा ; उसका जो भी हो अब सब अच्छा ही होगा ,  अपना ही अब उम्र भर का रोना हो जाएगा ; उसे पता भी नहीं चलेगा और दूर कहीं ,  उसको चाहने वाला कोई तनहा हो जाएगा ;        - अश्वनी कुमार    

ग़ज़ल 28.0

अब चाभी रखी होगी फिर भी तोड़े ताले जाएंगे ,  इन भोले भाले शब्दों के सौ अर्थ निकाले जाएंगे ।   जख्म जिन्हें नासूर बने , उनके हिस्से में दर्द रखे ,  जिनको गिरने का शौक रहे वो लोग संभाले जाएंगे ।   एक रात सोये रहकर है सीखा राम को खो देना ,  जब कान्हा यमुना छोड़ेगा , तब सारे ग्वाले जाएंगे ।   हिंदुत्व की नदी ये अक्सर चुनावों में बढियाती है ,  न इ या वाले रुके रहें, बस ग इ या वाले जाएंगे ।   कोई जाल बिछाए होगा दाने किसको भारी हैं ,  उड़ जाना तुम रोज कबूतर जब दाने डाले जाएंगे ।   दर्द करेंगे छाले लेकिन राही तुम चलते रहना ,  चलने से छाले आए हैं चलने से छाले जाएंगे ।                                   - अश्वनी कुमार